जनसभाओं में पंजाब के मुख्यमंत्री ने कहा -आप की नीयत साफ, हर वादे पूरे करेंगे केजरीवाल
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बृहस्पतिवार को कस्तूरबा नगर, महरौली और छतरपुर विधानसभा क्षेत्रों में आप के प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो और जनसभाएं कीं। इस दौरान मान ने कहा कि आप की नीयत साफ है। केजरीवाल दिल्लीवालों से किए सारे वादे पूरे करेंगे। आप लड़ाई की नहीं, पढ़ाई, बिजली, इलाज, पानी, फ्री बस सेवा, महिलाओं को 2100 रुपये देकर सम्मान देने की बात करती है। इस चुनाव में भाजपा के पास कोई एजेंडा नहीं है और कांग्रेस का कहीं कोई झंडा नहीं है।
दिल्ली सरकार ने कई विपरीत परिस्थितियों में भी काम करके दिखाया है। यह नीयत की बात होती है। अगर नीयत सच्ची हो तो कोई काम रोक नहीं सकता। जनता साथ हो तो कोई काम बिल्कुल नहीं रुक सकता। लोग इसलिए वोट डालते हैं कि सरकारें उनके काम करती रहें और दुख-सुख में साथ दें। आप के नेता राजनीति में कोई पैसा कमाने नहीं आए हैं। हम लड़ाई की बात करने वाले नहीं, बल्कि की पढ़ाई की बात करने वाले हैं। 20 राज्यों में भाजपा की सरकार है, लेकिन कहीं मुफ्त बिजली, अच्छे स्कूल या अस्पताल नहीं हैं। गुजरात में इनकी 30 साल से सरकार है। इनकी नीयत साफ नहीं है। ये कामों को रोकते हैं। अभी एक महीने तक ये केजरीवाल को कह रहे थे कि फ्री की रेवड़ियां बांटते हैं। अब भाजपा ने रेवड़ी की जगह महिलाओं को 2500 रुपये वाला पापड़ बांटने का ऐलान किया है। लोग रेवड़ी पर यकीन कर रहे हैं, पापड़ पर यकीन नहीं कर रहे हैं।