मथुरा। सोशल मीडिया पर अपने आराध्यों पर अभद्र टिप्पणियों से मथुरा में दो समुदायों के बीच पैदा हुए वैमनस्य को दूर करने के लिए मुस्लिम समाज ने पहल की है। मुस्लिमों के प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी श्लोक कुमार से मुलाकात करके दोनों ही वर्गों के संभ्रांत लोगों के साथ शांति कमेटी की बैठक करके गिले-शिकवे दूर करवाने का आग्रह किया।
सोशल मीडिया पर भरतपुर गेट के व्यवसायी विनय पंडित की कथित पोस्ट से विवाद की शुरुआत हुई थी। इस पोस्ट में उन पर पैगंबर साहब के प्रति अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगाया था। मुस्लिम समाज के लोगों ने कोतवाली में तहरीर देकर विनय के विरुद्ध केस दर्ज कराया और पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार भी किया। इसके बाद विश्व हिंदू परिषद और गोरक्षक दल के कार्यकर्ताओं ने भी सोशल साइट्स इंस्टाग्राम, फेसबुक आदि पर देवी-देवताओं के विरुद्ध किए गए अभद्र कमेंट का हवाला किया। इसके बाद पुलिस ने ऐसी 25 से अधिक आईडी के विरुद्ध केस दर्ज किया। इसके बाद विनय पंडित को धमकियां दी जाने लगीं। इससे दोनों ही वर्गों में तनातनी का माहौल चल रहा है।
बृहस्पतिवार को जमालुद्दीन कुरैशी के नेतृत्व में मुस्लिम समाज के लोग एसएसपी से मिले। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर पोस्ट्स से दोनों ही समुदायों के बीच तनाव पैदा करने की कोशिशें कुछ लोग कर रहे हैं। गंगा-जमुना तहजीब की नगरी की फजा को खराब करने पर आमादा हैं। ऐसे में पुलिस प्रशासन को दोनों ही समुदायों के संभ्रांत लोगों की शांति कमेटी की बैठक कराकर इस तनातनी को दूर करवाना चाहिए, ताकि सभी भाई मेल मिलाप से शांतिपूर्ण तरीके से रह सकें।