Muslim Rashtriya Manch took out tricolor rally, protested against those who raised slogans of Pakistan Zindabad
नूंह। टी-20 वर्ल्डकप में पाकिस्तान की जीत पर मेवात में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने और जश्न मनाने पर मुस्लिम राष्ट्रीय मंच ने कड़ी निंदा की है। रविवार को नूंह में मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के छात्र एवं युवा प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय संयोजक खुर्शीद राजाका के नेतृत्व में शहर के बस अड्डा से बड़ी मस्जिद के पास नगरपालिका परिसर में शहीदी स्थल तक वंदेमातरम तिरंगा रैली निकाल कर हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारे लगाकर पाकिस्तान समर्थकों को मुंहतोड़ जवाब दिया गया।
मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के कार्यकर्ताओं ने कश्मीर और मेवात में पाकिस्तान जिंदाबाद कहने वालों के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पास किया। खुर्शीद राजाका ने जम्मू कश्मीर में हो रही आतंकी गतिविधियों पर पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती और फारुख अब्दुल्ला के गैर जिम्मेदार बयानों की भी निंदा की। बांग्लादेश में हिंदू मंदिरों को तोड़ने पर भी कड़ा एतराज जताया। मंच ने सरकार से बांग्लादेशी हिंदुओं और कश्मीरी पंडितों की सुरक्षा की मांग की है। राष्ट्रीय संयोजक खुर्शीद राजाका ने कहा कि इंद्रेश कुमार के मार्गदर्शन में मंच भारतीय तहजीब के साथ कौमी एकता की मजबूती के लिए लंबे समय से काम कर रहा है। जबकि भारत में रहकर कुछ असामाजिक तत्व भारत विरोधी नारे लगा रहे हैं, जोकि राष्ट्रविरोधी और इस्लाम विरोधी हैं। इसलिए ऐसे भारत विरोधी लोगों को देश छोड़ देना चाहिये। क्योंकि, मेवात तो सदियों से देशभक्तों की सरजमीं है और हमारे पूर्वजों ने देश की आजादी के लिये अपने प्राणों की कुर्बानी दी है। लेकिन, कुछ लोग हमारे पूर्वजों की शहादत को कलंक लगाकर मेवात को भारत विरोधी बनाने की कोशिश में हैं, जिसको बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मौके पर मुख्य रूप से नदीम संलबा, मास्टर अफसर हिरवाड़ी, सब्बू राजाका, आजाद गोहोता, अनवर बाई, माजिद हथनगांव, हाजी अतर खान नंगली व फतेह मोहम्मद नंबरदार, शैकुल राजाका, अबरार मलाई आदि मौजूद रहे।