दनकौर। स्कूल की छुट्टियों में मंडपा गांव स्थित मामा के घर आए 11 साल के मासूम बच्चे की हत्या कर दी गई। तीन दिन पहले नाले में उसका शव मिला था। परिजन ने शव दफना दिया था। लेकिन अब परिजनों ने रिश्तेदार पर बच्चे की हत्या का आरोप लगा पुलिस को तहरीर दी है। परिजनों ने शव निकलवाकर पोस्टमार्टम की मांग की है। परिजनों के मुताबिक आरोपी ने बेरहमी से पीटकर बालक की हत्या की और उसका गुप्तांग भी काट दिया था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच करने की बात कही है।
मंडपा निवासी मुफीद ने बताया कि गाजियाबाद के कलछीना गांव निवासी जुनैद (11) उसका भांजा था। जो स्कूल में गर्मी की छुट्टी में 7 दिन पहले उनके घर रहने के लिए आया था। शुक्रवार 3 जून की देर शाम जुनैद का शव नाले में मिला था। मुफीद ने कहा था और उसके शरीर पर चोट के निशान थे और गुप्तांग कटे हुए थे। सूचना मिलने पर बच्चे के पिता व अन्य परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए थे। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव को गांव ले जाकर दफना दिया।
सोमवार को मंडपा गांव के ही एक अन्य बच्चे ने मुफीद को बताया कि घटना के दिन मुफीद के रिश्तेदार ने जुनैद को घर से गांव के बाहर बुलाने के लिए कहा था। आरोप है कि रिश्तेदार ने नाले के पास ले जाकर उसकी हत्या कर दी। कोतवाली प्रभारी राधा रमण सिंह का कहना है कि पीड़ित परिजनों की शिकायत लेकर मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच में तथ्य सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस जांच में पता चला है कि जिस रिश्तेदार पर परिजन ने हत्या का आरोप लगाया है उसकी पत्नी कई दिनों से विवाद के चलते मायके में रह रही है। रिश्तेदार को शक है कि बच्चे के पिता की दखलंदाजी के चलते दंपती में विवाद शुरू हुआ। जिस वजह से पत्नी उसे छोड़कर मायके में रह रही है। वहीं, गांव के बालक ने भी एक रिश्तेदार जिसका हुलिया उसी से मिलता है के बालक को गांव के बाहर बुलाने की जानकारी दी है।