दादरी। घोड़ी बछेड़ा गांव में पांच दिन पूर्व विवाहिता की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त फॉर्च्यूनर कार भी बरामद की है। मामले में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
घोड़ी बछेड़ा गांव निवासी अनुज चौहान ने फरवरी माह में मोनिका नागर से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों घोड़ी बछेड़ा गांव में रह रहे थे। आरोप है कि विवाह के बाद से ही मोनिका पर दहेज और संपत्ति को लेकर दबाव बनाया जा रहा था। पुलिस के अनुसार, सात मई को मोनिका की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। मामले में मृतका की मां की शिकायत पर पति अनुज चौहान समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हजरतपुर गांव से सूरजपुर की ओर जाने वाले रास्ते पर नहर के पास से आरोपी अनुज चौहान को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त फॉर्च्यूनर कार भी बरामद की गई है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।