सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा के नाम पर व्हाट्सएप बिजनेस ग्रुप बनाकर ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि सांसद के नाम पर आरोपी लोगों को झांसा देकर पैसे मांगे जा रहे थे। सांसद के प्रतिनिधि की शिकायत पर कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सांसद डॉ. महेश शर्मा के प्रतिनिधि संजय बाली ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि सांसद के नाम और फोटो लगाकर फर्जी व्हाट्सएप ग्रुप चलाया जा रहा है। बिजनेस ग्रुप बनाकर लोगों से संपर्क किया जा रहा है साथ ही उन्हें अलग-अलग तरीके से प्रभावित कर पैसे मांगे जा रहे थे। शिकायत के मुताबिक साइबर जालसाजों ने केरल के एक प्रमुख सचिव स्तर के अधिकारी से संपर्क कर उनसे अमेजॉन कंपनी का कूपन मंगवाया था। शक होने पर अधिकारी ने सांसद से संपर्क किया तो मामले का खुलासा हुआ। मामले के सामने आने के बाद साइबर जालसाज कई लोगों को वर्चुअल व व्हाट्सएप नंबर से संपर्क कर धमकी दे रहे हैं। एडीसीपी रणविजय सिंह ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है और मामले की जांच कर रही है।