खेड़की दौला थाना क्षेत्र के भांगरौला गांव में शनिवार रात शराब पीने का विरोध करने पर युवक ने सिलबट्टे से ताबड़तोड़ वारकर पत्नी और बेटी की हत्या कर दी। मृतका के भाई के बयान पर पुलिस ने रविवार शाम को हत्या का मामला दर्ज किया है। घटना के बाद से आरोपी फरार है।
पुलिस के मुुताबिक, दीपक की नौ वर्ष पूर्व दिल्ली के गांव पंडवाला कला निवासी रजनीश (31) से शादी हुई थी। उनके दो बच्चे हैं। शनिवार रात को दीपक नशे में घर पहुंचा। रोज की तरह पत्नी ने नशे का विरोध किया। इस पर विवाद बढ़ता चला गया। दीपक ने घर में मौजूद अपने माता और पिता को एक कमरे में बंद कर बाहर से कुंडी लगा दी। इसके बाद रसोई में रखा सिलबट्टा लेकर आया। यह देख महिला ने बेटे हार्दिक (7) को कमरे में रखे सामान के पीछे छिपा दिया, लेकिन बेटी विधि को नहीं छिपा सकी।
तभी दीपक ने पत्नी रजनीश पर बट्टे से वार कर दिया। यह देख बीच बचाव करने पांच वर्षीय बेटी विधि पहुंची। पिता ने बेटी पर भी बट्टे से वार किया। दोनों को मृत समझकर आरोपी मौके से भाग गया। दोनों मां और बेटी को घायल हालत में सेक्टर दस स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर महिला को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर की गई विधि ने रविवार को दम तोड़ दिया।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर पंकज ने कहा कि आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हार्दिक ने दीपक के जाने के बाद दूसरे कमरे में बंद दादा और दादी को कुंडी खोलकर बाहर निकाला। इसके बाद पड़ोसियों की मदद से अस्पताल पहुंचा। पुलिस जांच में आया है कि दीपक मानेसर की निजी कंपनी में नौकरी करता था। पिछले वर्ष हुए लॉकडाउन में उसकी नौकरी चली गई।