फाइनल मुकाबले में एक-दूसरे को नहीं पछाड़ सके पहलवान, दोनों को मिली जीत की राशि
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-69 बहलोलपुर स्थित कुश्ती खेल मैदान में स्व. ब्रहमपाल पहलवान की स्मृति में 28 वां विशाल कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। इस दौरान दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और महाराष्ट्र समेत तमाम राज्यों से आए करीब 150 से अधिक पहलवानों ने अपना दमखम दिखाया। करीब 90 राउंड में सभी ने अपना दम दिखाया। फाइनल मुकाबला सबसे ज्यादा रोमांचक कर देने वाला रहा।
दंगल संयोजक पहलवान सुखपाल यादव ने बताया कि फाइनल मुकाबला उत्तर प्रदेश केसरी अवॉर्डी अंकित पहलवान और भारत केसरी कलुआ पहलवान के बीच हुआ। दोनों ही धुरंधर खिलाड़ी रहे हैं। जैसे ही उनके बीच मुकाबला शुरू हुआ दोनों ही एक दूसरे पर भारी पड़ने लगे। काफी देर बीतने के बाद जब दोनों ही एक दूसरे को मात नहीं दे पाए तो दोनों को ही बराबर पुरस्कार देने का ऐलान संयोजकों द्वारा कर दिया गया।
कुल तीन लाख रुपये इनामी राशि रखी गई थी, जिसमें से दोनों को डेढ़-डेढ़ लाख रुपये दिए गए। इस मौके पर नोएडा विधायक पंकज सिंह, गाजियाबाद के विधायक संजीव शर्मा, नोएडा प्राधिकरण के डीजीएम विजय रावल, एसडीओ महेंद्र प्रशासन, बदायूं के जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र यादव, जयवीर प्रधान समेत अन्य लोग मौजूद रहे।