ग्रेटर नोएडा (संवाद)। दादरी के भोगपुर गांव की बेटी मोनिका ने मध्य प्रदेश के भोपाल स्थित एसएमएस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित 70वीं एसजीएफआई राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के 400 मीटर बाधा दौड़ के फाइनल में जगह बना ली। इसमें देशभर के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं। मोनिका उत्तर प्रदेश की ओर से प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही हैं। राष्ट्रीय स्तर पर फाइनल में पहुंचने से उनके परिवार, गांव और प्रशिक्षकों में खुशी का माहौल है।
प्रतियोगिता के 400 मीटर बाधा दौड़ के मुकाबले में मोनिका ने तीसरी हीट में हिस्सा लिया। उन्होंने दौड़ पूरी करने में एक मिनट सात सेकंड और 93 मिलीसेकंड का समय लिया। इस प्रदर्शन के साथ वह अपनी हीट में चौथे स्थान पर रहीं और फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। इस स्पर्धा में अलग-अलग हीट के खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। मोनिका ने दबाव के बीच बेहतर प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया है।