उड़ान से पहले विदेश यात्रा वालों के लिए मनी एक्सचेंज की सुविधा
- यापल ने ग्लोबल एक्सचेंज ग्रुप के साथ किया समझौता, परिसर में खुलेंगे कई काउंटर
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के शुरू होने से पहले नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को विश्व स्तरीय सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। विदेश यात्रा करने वाले यात्रियों को मुद्रा विनियम की सुविधा के लिए ग्लोबल एक्सचेंज ग्रुप से करार किया गया है। कंपनी परिसर और बाहर अपने काउंटर के जरिए यात्रियों को अलग-अलग देशों की मुद्रा उचित मूल्य पर उपलब्ध कराएगी। यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (यापल) ने एक्स के माध्यम से इस करार की जानकारी दी है।
दिसंबर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से विमानों के उड़ान शुरू करने की तैयारी है। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि अंतरराष्ट्रीय उड़ान भी उद्घाटन के साथ ही शुरू होंगी। मनी एक्सचेंज की सुविधा से एयरपोर्ट पर यात्रियों को किसी भी देश की मुद्रा (करंसी) बदलने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। एयरपोर्ट पर प्रथम चरण का काम लगभग पूरा होने को हैं। पहला 3900 मीटर लंबा रनवे बनकर तैयार हो चुका है। वहीं, एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) टॉवर में उपकरणों की जांच व अन्य औपचारिकता के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया को हस्तांतरित किया गया है। एक माह में एटीसी में उपकरण व उनकी जांच समेत अन्य औपचारिकताएं पूरी हो जाएगी। पहले चरण में रनवे, टर्मिनल और एटीसी बिल्डिंग ही बनेगी।