अभिभावक सोमवार को धरने पर बैठे थे, हेडमिस्ट्रेस
को
हटाने के बाद ही उठे
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-12 स्थित जूनियर मॉर्डन स्कूल में छह साल की बच्ची के साथ बैड टच के मामले में हेडमिस्ट्रेस को हटाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। स्कूल प्रशासन ने धरने पर बैठे अभिभावकों को आश्वासन दिया कि मंगलवार को स्कूल में नई हेडमिस्ट्रेस आ जाएंगी। सोमवार को जब स्कूल के बाहर प्रदर्शन पर बैठे अभिभावक सिटी मजिस्ट्रेट और जिला विद्यालय निरीक्षक के समझाने के बाद भी प्रदर्शन खत्म करने को तैयार नहीं हुए तो हेडमिस्ट्रेस को हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई।
करीब डेढ़ महीने पहले स्कूल में छह साल की बच्ची के साथ बैड टच की घटना के बाद से अभिभावकों में रोष बना हुआ है। अभिभावक लगातार हेडमिस्ट्रेस को हटाने की मांग कर रहे थे। पिछले दिनों हेडमिस्ट्रेस को हटाने के लिए स्कूल प्रबंधक के साथ मीटिंग भी हुई थी, लेकिन कोई कदम नहीं उठाया जा रहा था, इससे अभिभावकों में नाराजगी और बढ़ गई थी। वहीं, इसी बीच कैंब्रिज स्कूल में भी इसी तरह की घटना घटी। जहां चार साल की बच्ची के साथ हुई बैड टच की घटना के विरोध में शनिवार को स्कूल के बाहर प्रदर्शन किया गया। जिसके बाद कैंब्रिज स्कूल प्रबंधक ने प्रिंसिपल और हेडमिस्ट्रेस को हटा दिया।
इसके बाद से ही मॉडर्न स्कूल के अभिबावकों ने भी मांग तेज कर दी और अभिभावक सोमवार को धरने पर बैठ गए। अभिभावकाें का आरोप है कि बच्ची ने अपनी क्लास टीचर के साथ हेडमिस्ट्रेस को भी घटना के बारे में बताया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। बच्ची के साथ छेड़छाड़ करने वाले मजदूर को भगाने का भी आरोप है। एक अभिभावकों ने बताया कि पिछले डेढ़ महीने से लगातार हेडमिस्ट्रेस को हटाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं हैं। हम लोगों ने मांग की थी अगर हेडमिस्ट्रेस को नहीं हटाएंगे तो हम लोग नहीं उठेंगे। उसके बाद से प्रशासन की टीम भी मौके पर आई। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि अभिभावकों में नाराजगी है। इस मामले में स्कूल प्रबंधक से बात की गई है। उन्होंने हेडमिस्ट्रेस को हटाने का आश्वासन दिया है। स्कूल में सुरक्षा बढ़ाई गई है। सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट विवेकानंद मिश्र भी मौजूद रहें।