पुन्हाना। चार माह से गायब कांग्रेस विधायक की भांजी के 11 वर्षीय बेटे हत्या का मामला सामने आया है। दोस्तों ने रुपये के लालच में शहीम की हत्या कर दी थी। दोस्तों के कहने पर पिता के घर में रखे साढ़े चार लाख रुपये चुराना ही शहीम की मौत का कारण बना। फिलहाल पिनगवां पुलिस ने अपहरण के मामले को सुलझाकर हत्या तक का राज खुलने में बड़ी कामयाबी हासिल की है। 21 साल के आरिफ नाम के एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर तीन दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी हैं। डीएसपी शमशेर सिंह ने पिनगवां थाने में आयोजित एक पत्रकारवार्ता में पूरे मामले की जानकारी दी।
डीएसपी ने बताया कि पुलिस को पिनगवां निवासी रहीश पुत्र हनीफ ने 26 अगस्त 2021 को शिकायत दी थी। इसमें कहा गया था कि उसका 11 वर्षीय बेटा शहीम जो छठी कक्षा में पढ़ता है, 24 अगस्त को ट्यूशन पढ़कर नहीं लौटा। पीड़ित की शिकायत पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर बच्चे की पुलिस ने तलाश शुरू कर दी थी। उसके बाद बच्चे के पिता रहीश ने 15 दिसंबर को दूसरी शिकायत देकर आरोप लगाया कि उसके बेटे का गांव के ही आरिफ और सोनू अपहरण करके ले गए है। घर से करीब साढ़े चार लाख रुपये भी गायब हैं। पुलिस ने दूसरी शिकायत पर अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। डीएसपी ने बताया कि पिनगवां थाना प्रभारी तरुण दहिया को गुप्त सूचना मिली कि एक आरोपी आरिफ पिनगवां आया हुआ है। जिसे 28 दिसंबर की शाम पिनगवां से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर गहनता से पूछताछ की। जिसमें आरोपी ने हत्या का खुलासा किया। उसने ये भी बताया कि कई दोस्तों ने मिलकर उसके घर में रखे साढ़े चार लाख रुपये मंगा लिए और उसके बाद बच्चे की हत्या कर दी।
रुपयों की लालच में ले ली जान
शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि मृतक शहीम के पिता रहीश के घर में करीब साढ़े चार लाख रुपये रखे थे। शहीम उनमें से करीब 50 हजार रुपये चुराकर ले गया और अपने दोस्त आरिफ, सोनू आदि के साथ उनको मौज मस्ती में उठाने लगा। शहीम ने अपने दोस्तों को यह भी बता दिया कि घर में और भी काफी रुपये रखे हैं। उसके दोस्तों में पैसों का लालच आ गया और शहीम को बहला फुसलाकर घर में रखे करीब तीन लाख 70 हजार रुपये भी मंगवा लिए। उसके बाद आरोपी आरिफ, सोनू और अन्य दोस्तों के साथ कई जगह घूमने भी गए। सोनू अपने भाई की अल्टो कार से अन्य साथियों के साथ मिलकर शहीम को अलवर (राजस्थान) ले गया। जहां गांव सिस्का जिला अलवर की एक पहाड़ी में शहीम की गला दबाकर हत्या कर दी।
हत्या कर भाग गए थे मुम्बई
आरिफ, सोनू और अन्य दोस्तों ने शहीम से रुपये लेकर पहले उसे कई जगह घुमाया। वे उसे हरिद्वार, गुरुग्राम, बहादुरगढ़ आदि जगहों पर ले गए। करीब 10-12 दिन बाद ही उन्होंने शहीम की हत्या कर दी। इसके बाद वे लोग मुम्बई भाग गए। 28 दिसंबर को ही वहां से आरिफ गांव लौटा था।
आरोपी आरिफ को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान उसके अन्य साथियों के बारे में जानकारी और हत्या की जगह और शव को बरामद किया जाएगा।
- शमशेर सिंह, डीएसपी