फिरोजपुर झिरका। चंडीगढ़ की जनता ने दिल्ली में हो रहे विकास को देखकर आम आदमी पार्टी को मौका दिया है। नफरत की राजनीति करने वालों को जनता ने आइना दिखाने का काम किया है। ये बातें आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष जफरुद्दीन ने मेवाती कार्यकर्ताओं को मुबारकबाद देते हुए कहीं।
जफरुद्दीन ने कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि चंडीगढ़ के लोगों ने आम आदमी पार्टी के दिल्ली सरकार के काम को देखते हुए, चंडीगढ़ में भी सबसे ज्यादा वोट झाड़ू को दिए। पिछले कई वर्षों से बीजेपी और कांग्रेस ने निगम का काम बद से बदतर कर दिया और आज यह हाल है कि भारत का सबसे सुंदर शहर स्वच्छता रैंक में 66 नंबर पर है। चंडीगढ़ के लोग कूड़े के ढेर से परेशान हो चुके हैं और इसी उम्मीद में उन्होंने आम आदमी पार्टी को मौका दिया है। हरियाणा में होने वाली नगर निगम और नगर पालिका चुनाव में भी आम आदमी पार्टी जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेगी और अपना परचम लहराएगी। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष मोहम्मद इम्तियाज, असतफ हुसैन जिला मीडिया प्रभारी, समय सिंह संगठन मंत्री, हसन मोहम्मद संयुक्त सचिव, रहीश इंजीनियर सचिव सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।