पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने सभी मंत्रियों के साथ बैठक में अलग-अलग जिलों की जिम्मेदारी सौंपी
सभी मंत्री नोडल अधिकारियों के साथ मिलकर कार्य कर रहे अधिकारियों की निगरानी करेंगे
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। राजधानी में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) के नियमों का सख्ती से पालन कराने के लिए दिल्ली सरकार के सभी मंत्री सड़कों पर उतरेंगे। मंत्रियों को अलग-अलग जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पर्यावरण मंत्री गोपाल राय को उत्तर व उत्तर-पूर्व जिला, परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत को दक्षिण-पश्चिम व पश्चिम जिला, राजस्व मंत्री आतिशी को पूर्व व दक्षिण-पूर्व जिला, स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज को दक्षिण व नई दिल्ली जिला, खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री इमरान हुसैन को मध्य व शाहदरा जिला और समाज कल्याण मंत्री राज कुमार आनंद को उत्तर-पश्चिम जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने बृहस्पतिवार को सभी मंत्रियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि कई दिनों से दिल्ली में प्रदूषण का स्तर स्थिर बना हुआ है। पिछले 8-10 दिनों से उत्तर भारत में हवा की गति काफी धीमी और तापमान भी लगातार गिर रहा है। ऐसे में प्रदूषण के कण वायुमंडल में फैलने की जगह निचले स्तर पर ही बने हुए हैं। इसके लिए वाहन, धूल, बायोमास बर्निग, पराली समेत कई प्रदूषण के स्रोत हैं। इससे निपटने के लिए ग्रैप-4 लागू कर रखा है। राय ने कहा कि कई दिनों से यह खबर आ रही थी कि दिल्ली में ग्रैप-4 के नियमों का सख्ती से पालन नहीं हो रहा है। अधिकारियों व कर्मचारियों में प्रदूषण से निपटने के जिस प्रकार की सक्रियता होनी चाहिए वह नहीं दिख रही है। इस लापरवाही और उदासीनता को दूर करने के लिए निर्णय लिया गया है कि सभी मंत्री ग्राउंड जीरो पर उतरेंगे और नियमों का पालन सुनिश्चित करवाएंगे। मंत्रियों का दौरा मुख्य रूप से सिंघु, गाजीपुर, गुरुग्राम, शाहदरा, बहादुरगढ़ व कापड़सेड़ा सीमाओं पर होगा।