-डीयू में कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम के तहत आज से कर सकेंगे आवेदन
-1 हजार रुपये आवेदन शुल्क का भुगतान करके सिस्टम में कर सकेंगे एंट्री
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर प्रोग्राम, बीटेक व लॉ कोर्सेज में दाखिले के लिए कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (सीएसएएस) 2024 के तहत पहले चरण का आवेदन करने से वंचित रहे छात्र दाखिला रेस का हिस्सा बन सकेेंगे। ऐसे छात्रों के लिए बृहस्पतिवार(आज) से मिड एंट्री का अवसर मिलने जा रहा है। इसके माध्यम से वह सीएसएएस सिस्टम में प्रवेश कर आवेदन कर सकेंगे। यह सुविधा उन्हें 11 जुलाई शाम पांच बजे से 13 जुलाई शाम पांच बजे तक मिलेगी। खास बात यह है कि इसके साथ ही छात्रों के लिए फॉर्म में सुधार करने की खिड़की को भी एक बार फिर से खोला जा रहा है।
डीयू दाखिला डीन प्रो हनीत गांधी के अनुसार पहले भरे गए आवेदन फॉर्म में छात्रों ने कुछ गलतियां की हैं उन गलतियों को सुधार करने के लिए सुधार खिड़की भी कल से शुरू हो जाएगी। वहीं मिड एंट्री के जरिए आवेदन करने वाले छात्र अपनी वरीयता भरेंगे। मिड एंट्री करने के लिए छात्रों को एक हजार रुपये शुल्क का भुगतान करना होगा। 13 जुलाई को मिड एंट्री की सुविधा समाप्त होने के बाद 16 जुलाई को सीट आवंटन व दाखिले का तीसरा राउंड शुरु होगा। इसमें सुपरन्यूमरेरेरी कोटे(स्पोर्ट्स, डीयू कमिर्यों के बच्चे, सशस्त्र बलों व अर्धसैनिक बलों के बच्चों व विधवाओं) के लिए भी सीटें आवंटित की जाएंगी। तीसरे राउंड के तहत सीट का आवंटन 16 जुलाई को शाम पांच बजे होगा। 16 जुलाई से 19 जुलाई तक छात्र सीट को स्वीकार करेंगे। 16 जुलाई से 20 जुलाई तक कॉलेज व विभाग फॉर्म का सत्यापन कर उसे मंजूर करेंगे। वहीं 21 जुलाई तक छात्र फीस का भुगतान कर सकेंगे।