ग्रेटर नोएडा के तिलपता में तालाब में डूबने से मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला की मौत हो गई। महिला अचानक पानी में कूद गई थी। आसपास मौजूद लोगों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन उसे बाहर नहीं निकाल सके।
ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र के तिलपता में शुक्रवार को तालाब में डूबने से एक मानसिक विक्षिप्त महिला की मौत हो गई। महिला तालाब में पानी भरे होने के दौरान अचानक उसमें कूद गई। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन उसे बाहर नहीं निकाला जा सका। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक तिलपता स्थित एक तालाब में इन दिनों सौंदर्यीकरण का काम चल रहा है। तालाब में पानी भरा हुआ था। शुक्रवार सुबह एक विक्षिप्त महिला वहां पहुंची और अचानक तालाब में कूद गई। महिला के पानी में डूबने की जानकारी मिलते ही आसपास काम कर रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने महिला को बचाने के लिए तालाब में उतरकर और अन्य तरीकों से प्रयास किया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
घटना की सूचना तत्काल सूरजपुर थाना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला को तालाब से बाहर निकलवाया। जांच के बाद पुलिस ने शव का पंचानामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। पुलिस के अनुसार महिला की पहचान और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। मीडिया सेल का कहना है कि मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।