सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण के नए प्रशासनिक कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली। बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे ई-मेल मिलते ही कार्यालय परिसर में अफरातफरी मच गई। कार्यालय में मौजूद करीब 270 अधिकारी और कर्मचारियों को इमारत से निकालकर परिसर में जाने को कहा गया। मौके पर पहुंची बम निरोधक टीम ने बेसमेंट से लेकर सातवीं मंजिल तक गहनता से जांच की। करीब दो घंटे तक चली जांच के बाद धमकी को हॉक्स करार दिया गया। हालांकि इसके बाद भी अधिकांश कर्मचारी कार्यालय में नहीं बैठे, जिससे कामकाज प्रभावित हुआ।
दोपहर 12 बजे ई-मेल पर प्राधिकरण कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली। शुरुआती जांच में ईमेल को हॉक्स मेल माना जा रहा है। अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।
-मनीषा सिंह, एडीसीपी
गुरुग्राम नगर निगम कार्यालय को भी बम से उड़ाने की धमकी
सेक्टर-34 स्थित गुरुग्राम नगर निगम कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी भरी ई-मेल मिलने से हड़कंप मच गया। बृहस्पतिवार सुबह 11:38 बजे निगम की आधिकारिक ई-मेल पर भेजे गए संदेश में दोपहर 1:11 बजे बम धमाके की धमकी दी गई थी। ई-मेल की जानकारी मिलते ही निगम कार्यालय को खाली करा दिया गया और पुलिस को सूचना दी गई। करीब डेढ़ घंटे चली जांच के बाद कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने पर इसे हॉक्स कॉल माना गया। पुलिस के अनुसार धमकी भरी ई-मेल खालिस्तान नेशनल आर्मी के नाम से भेजी गई थी।
इसमें में भाजपा के खिलाफ कई बातें लिखी गई थीं। इसमें 700 किसानों की मौत का बदला लेने का भी उल्लेख था। साथ ही पंजाब के भटिंडा समेत अन्य स्थानों पर आने वाले दिनों में धमाके करने की धमकी दी गई थी। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि करीब डेढ़ घंटे की जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। ईमेल आईडी के आधार पर साइबर पुलिस की टीम जांच कर रही है और ईमेल भेजने वाले का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।