ग्रेटर नोएडा। जिला औषधि विभाग की टीम ने बुधवार को ग्रेनो वेस्ट के मिलक लच्छी गांव में फैमिली केयर मेडिकल स्टोर की जांच की। जांच में संचालक के पास लाइसेंस नहीं मिला। साथ ही, दवाइयों के क्रय-विक्रय के बिल भी नहीं मिले। ऐसे में 50 हजार की दवाइयां जब्त कर स्टोर बंद करा दिया गया। वहीं, विभाग की कार्रवाई की सूचना मिलने पर आसपास के संचालक स्टोर को बंद कर फरार हो गए।
औषधि निरीक्षक वैभव बब्बर ने बताया कि फैमिली केयर मेडिकल स्टोर की जांच की। मालिक यासीन दवा बेचने का लाइसेंस नहीं दिखा सका। साथ ही, किसी दवा के क्रय-विक्रय का बिल भी पेश नहीं कर सका। स्टोर से दो संदिग्ध दवाओं के नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे गए हैं। स्टोर से 50 हजार की दवाएं जब्त की गई हैं। नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। अगर नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरे तो संबंधित के खिलाफ मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट गौतमबुद्ध नगर के न्यायालय में वाद दाखिल किया जाएगा। यहां दस लाख रुपये जुर्माना और उम्रकैद का प्रावधान है। पूछताछ में कुछ अन्य मेडिकल स्टोर के नाम मिले हैं। इनकी भी जांच की जाएगी।