मीट व्यापारी पर चाकू से हमला कर नकदी लूटी
प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
दादरी। कोतवाली दादरी क्षेत्र के जीटी रोड पर बाइक से जा रहे मीट व्यापारी को बदमाशों ने रोककर एक लाख से अधिक की नकदी लूटी। विरोध करने पर चाकू मारकर घायल कर दिया। शोर मचाने पर बदमाश फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, सिकंदराबाद निवासी मीट व्यापारी आरिफ परिवार के साथ रहते हैं। वह रविवार की रात बाइक पर सवार होकर गाजियाबाद की तरफ से सिकंदराबाद जा रहे थे। कोतवाली दादरी क्षेत्र के जीटी रोड बाईपास पर कार सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर रुकवा लिया। बदमाशों ने जान से मारने की धमकी देकर व्यापारी से एक लाख से अधिक की नकदी लूट ली। विरोध करने पर चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची। व्यापारी को घायल अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। एसीपी प्रशाली गंगवार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।