संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। सेक्टर-39 के राजकीय इंटर कॉलेज का बास्केटबॉल कोर्ट बीते नौ महीने से अधूरा पड़ा है। विद्यार्थियों के लिए खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से कोर्ट तैयार होना था लेकिन अब तक इसका निर्माण पूरा नहीं हो पाया। कोर्ट न होने की वजह से विद्यार्थियों को जमीन पर ही खेलना पड़ता है। इससे सही तरीके से अभ्यास न होने के साथ ही खिलाड़ियों को चोट लगने का डर भी बना रहता है।
जानकारी के अनुसार, कॉलेज में करीब 2000 विद्यार्थी पढ़ रहे हैं। इनमें बड़ी संख्या में विद्यार्थी बास्केटबॉल खेलते हैं। इनमें से कई खिलाड़ियों ने इस खेल में कीर्तिमान भी हासिल किए हैं। लेकिन व्यवस्थित कोर्ट न होने की वजह से नई प्रतिभाओं को उड़ान नहीं मिल पा रही है।
वर्तमान प्राचार्य अनिता शुक्ला ने बताया कि समस्या को लेकर संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया है। नए सत्र की शुरुआत तक बास्केटबॉल कोर्ट का काम पूरा हो जाएगा।