सनशाइन बिल्डर कंपनी का एमडी धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार
- कोतवाली सेक्टर-113 में दर्ज थी एफआईआर, दो सितंबर को पुलिस ने बिल्डर के ठिकानों पर दी थी दबिश
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। नोएडा कमिश्नरेट पुलिस ने धोखाधड़ी के आरोप में सनशाइन बिल्डर के एमडी हरेंद्र यादव को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। बिल्डर के खिलाफ कोतवाली सेक्टर-113 में केस दर्ज था। पुलिस की टीम कई दिनों से बिल्डर के ठिकानों पर दबिश दे रही थी। धोखाधड़ी के आरोप में 2 सितंबर को पुलिस ने बिल्डर के कई ठिकानों पर छापा मारा था। इसमें अहम जानकारी पुलिस के हाथ लगी थी।
सनशाइन बिल्डर कंपनी के एमडी हरेंद्र यादव के खिलाफ सेक्टर-78 स्थित सनशाइन हेलियोस सोसाइटी के निवासियों ने कोतवाली सेक्टर-113 में मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप लगाया था कि बिजली के बिल, मेंटेनेंस चार्ज से लेकर अन्य फंड में धोखाधड़ी की जा रही है। इस मामले में काफी दिनों से सोसाइटीवासियों और बिल्डर के बीच तनातनी चल रही थी। पुलिस की टीम ने दो सितंबर को सेक्टर-78, सेक्टर-94 स्थित बिल्डर के दफ्तर और अन्य निदेशकों के सेक्टर-44 स्थित घर छापा मारा था। वहां से कुछ कागजात भी मिले थे। सनशाइन बिल्डर पर नोएडा प्राधिकरण का 87 करोड़ रुपए से अधिक का बकाया है। अमिताभ कांत सिफारिश के बाद इस बिल्डर को दो साल के कोविड जीरो पीरियड का लाभ दिया गया था। इससे इस बिल्डर को 17 करोड़ रुपए की छूट मिली थी। इस छूट के बाद बिल्डर को प्राधिकरण को 70 करोड़ रुपए जमा करना था। रकम जमा नहीं करने से सोसाइटी में बायर्स की रजिस्ट्री में देरी हो रही है।