गर्मी में आम्रपाली गोल्फ होम्स व किंग्सवुड सोसाइटी के निवासी हुए परेशान
सभी लिफ्टों का तकनीकी निरीक्षण, नियमित मेंटेनेंस तथा प्रशिक्षित स्टाफ की नियुक्ति की मांग की
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट स्थित आम्रपाली गोल्फ होम्स व किंग्सवुड सोसाइटी में सोमवार को लिफ्ट सुरक्षा व्यवस्था की पोल खुल गई। सोसाइटी के विभिन्न टॉवरों में एक ही दिन में कई लोग फंस गए। सोसाइटी के लोगों ने बताया कि जे क्लस्टर में दूध देने के लिए सोसाइटी में आया एक दूधिया करीब आधे घंटे तक लिफ्ट में फंसा रहा। वहीं, डी-1 टावर में 76 वर्षीय बुजुर्ग करीब 30 मिनट तक फंसे रहे। इसी तरह सी ब्लॉक में भी कुछ लोग लगभग 30 मिनट तक लिफ्ट में फंसे रहे।
निवासियों ने एडहॉक एओए पर लापरवाही के आरोप लगाएं हैं। सभी लिफ्टों का तकनीकी निरीक्षण, नियमित मेंटेनेंस तथा प्रशिक्षित स्टाफ की नियुक्ति की मांग की गई है। निवासी दिलीप कुमार ने बताया कि डी-1 टावर में 76 वर्षीय बुजुर्ग करीब 30 मिनट तक लिफ्ट में फंसे रहे। भीषण गर्मी और बंद लिफ्ट में लंबे समय तक फंसे रहने के कारण उनकी हालत बेहद खराब हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बुजुर्ग लगातार मदद के लिए चिल्लाते रहे, लेकिन काफी देर तक कोई प्रभावी सहायता नहीं पहुंच सकी। स्थिति की गंभीरता तब और उजागर हुई जब काफी देर बाद पहुंचे सिक्योरिटी गार्ड एवं लिफ्टकर्मी, दोनों ही अनट्रेंड होने के कारण लिफ्ट का दरवाजा तक नहीं खोल पाए। काफी मशक्कत और देरी के बाद करीब 30 मिनट पश्चात बुजुर्ग को बाहर निकाला जा सका।
लिफ्टों का नहीं कराया पंजीकरण
सोसाइटीवासियों का कहना है कि पूरी सोसाइटी में कुल 126 लिफ्टें हैं। आए दिन लिफ्ट खराब होने तथा लोगों के फंसने की घटनाएं लगातार होती रहती हैं। इसके बावजूद एडहॉक एओए हर महीने भारी-भरकम मेंटेनेंस राशि वसूलने के बाद भी लिफ्टों का उचित रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। आरोप लगाया कि सोसाइटी में रहने वाले हजारों परिवारों की सुरक्षा के साथ गंभीर लापरवाही बरती जा रही है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस गंभीर लापरवाही की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए और कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।