बैंक से परीक्षण के लिए प्राधिकरण पहुंचा पत्र तब हुआ खुलासा, एफआईआर कराने की तैयारी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-18 में दुकान पर लोन लेने के लिए प्राधिकरण के ओएसडी के फर्जी हस्ताक्षर कर जारी जाली माॅर्गेज (बंधक) पत्र सामने आया है। पत्र को सेक्टर-62 स्थित बैंक की शाखा में लोन के लिए जमा भी कर दिया गया था। बैंक से परीक्षण के लिए पत्र जब प्राधिकरण पहुंचा तब इसका खुलासा हुआ। जे-ब्लॉक स्थित दुकान के आवंटी ने करीब दो महीने पहले लोन के लिए प्राधिकरण में आवेदन किया था। प्लॉट का मामला अदालत में लंबित है, इसलिए इस पर विधि विभाग से राय मांगी गई थी। कोर्ट केस का हवाला देते हुए विधि विभाग ने माॅर्गेज पत्र जारी न करने की सिफारिश की थी, जिसके बाद आवेदन को खारिज कर दिया गया था।
इसके बाद जालसाज ने 14 मई 2026 की तारीख में फर्जी माॅर्गेज पत्र तैयार कर लिया और इस पर प्राधिकरण के ओएसडी अशोक शर्मा का फर्जी हस्ताक्षर कर दिया गया। ओएसडी ने बताया कि हस्ताक्षर पूरी तरह फर्जी हैं। इस समय व्यावसायिक विभाग की जिम्मेदारी उनके पास नहीं है। अधिकारियों ने बैंक प्रबंधन से कहा है कि वे तत्काल एफआईआर दर्ज कराएं या प्राधिकरण को लिखित शिकायत सौंपें।