नूंह। इंडरी खंड के गांव आलदौका में मारपीट में घायल हुए 62 वर्षीय पूर्ण की नलहड़ मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में मृतक के परिजनों की शिकायत पर गांव के भीम के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। अभी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। पुलिस आरोपी के ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
पूर्ण निवासी गांव आलदौका काफी दिनों से गांव के पास गौरव भट्टे पर चौकीदार लगा हुआ था। हर दिन की तरह मंगलवार की शाम को भी वह भट्टे पर पहुंचा। शाम को वह सो गया लेकिन सुबह के समय भट्टा कार्यालय के पास मजदूरों को डंडों आदि की तेज आवाज सुनाई दी। इसके बाद वह पूर्ण के पास पहुंचे तो उनके डंडे आदि से दोनों हाथ पैर टूटे मिले। इसके अलावा पैर व पेट पर चाकू के निशान भी मिले। इसके बाद मजदूरों व भट्टा कार्यालय के अन्य लोगों ने घायल पूर्ण के परिजनों को गांव में फोन किया। सूचना के बाद परिजन वहां पर मौके पर पहुंचे तो उनको पूर्ण गंभीर रूप से घायल मिला। उनके भाई रामधन के मारपीट के बारे में पूछने पर उन्होंने बताया कि रात को गांव के ही भीम ने उनके साथ लाठी, डंडे व चाकुओं से सोते हुए पर हमला किया था।
परिजनों के इसके बाद तुरंत नूंह सदर थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस सूचना के बाद मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल को नूंह सीएचसी में भिजवाया। जहां से डॉक्टरों ने उन्हें नलहड़ मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया। पूर्ण के शरीर पर काफी गंभीर चोटें लगी हुई थी। इसी दौरान बुधवार को दिन में करीब साढ़े दस बजे इलाज के दौरान उन्होंने मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया। इसके बाद मृतक के परिजनों ने नूंह सदर थाने में शिकायत देकर आरोपी भीम सहित अन्य के खिलाफ शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।
आगामी कार्रवाई में जुटी
इस बारे में सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनोज वर्मा ने बताया कि मृतक के परिजनों की शिकायत पर भीम के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की आगामी कार्रवाई में जुटी हुई है।