नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर रविवार दोपहर में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से कार घुस गई। इससे कार में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुट गई। मृतकों की पहचान फेज-दो कोतवाली क्षेत्र के गेझा निवासी अजय उर्फ पिंटू जाटव (39) और सोहनपाल सिंह (49)के रूप में हुई। अजय घर पर ही दुकान चलाकर परिवार का लालन-पालन करता था। जबकि सोहनपाल राजमिस्त्री था। दोनों दोस्त थे।
एडीसीपी रणविजय सिंह ने बताया कि गेझा निवासी अजय अपनी ऑल्टो कार को लेकर सर्विस कराने के लिए सेक्टर पांच के लिए अपने दोस्त सोहनलाल के साथ निकला था। जब वह नोएडा एक्सप्रेसवे पर चरखा चौराहे के पास पहुंचे तो आगे धान से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली में कार घुस गई। हादसे के दौरान दोनों युवक बुरी तरह घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना करीब 12 बजे की है। हादसे की जानकारी परिजनों को दी गई और शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
एडीसीपी ने बताया कि कार नोएडा की ओर जा रही थी और चरखा चौराहे के पास आगे चल रहे ट्रैक्टर में पीछे से घुसी थी। जिस तरह से कार क्षतिग्रस्त हुई है उससे ऐसा प्रतीत होता है कि गाड़ी की रफ्तार तेज रही होगी। यदि गाड़ी की गति धीमी होती तो इतनी बड़ी घटना न होती। गांव के एक व्यक्ति ने बताया कि कई बार दोनों की दोस्ती पर लोग कमेंट करते थे तो सोहनलाल अक्सर कहता था कि दोस्त के साथ जीना है तो दोस्त के साथ ही मरना होगा। ऐसा पता नहीं था कि उसके कही यह बात ऐसे सत्य हो जाएगी।
मुरादनगर से 20 साल पहले गेझा गांव में आ गया था सोहनलाल
अजय उर्फ पिंटू नोएडा के गेझा गांव का ही मूल निवासी था और उसके दो बच्चे हैं। जबकि सोहन पाल सिंह पुत्र श्री ओमप्रकाश सिंह गाजियाबाद के मुरादनगर स्थित जलालाबाद गांव का निवासी था। वह करीब 20 साल पहले गेझा में आकर रहने लगा था। करीब दो साल पहले सोहनलाल की पत्नी की मौत हो गई थी।
सोहनलाल राजमिस्त्री का काम करके अपने बच्चों का किसी तरह पेट भर रहा था। दोनों का आपस में एक दूसरे के घर काफी आना-जाना था। गांव के गौतम अवाना ने बताया कि घटना के बाद से माहौल गमगीन है। दोनों दोस्त की उम्र में भले ही फर्क रहा हो लेकिन दोनों में गहरी दोस्ती थी।