तावडू। बिलासपुर रोड स्थित गोदाम में शनिवार देर रात बदमाशों ने कोरियर का सामान ले जार रहे कैंटर चालक से मारपीट कर लूट की वारदात को अंजाम दिया। गाड़ी के मालिक करण सिंह राघव के मुताबिक शनिवार शाम कैंटर चालक फरीदाबाद से कोरियर का सामान भरकर तावडू बिलासपुर रोड स्थित गोदाम आ रहा था। रात करीब 12 बजे जब चालक कलवाड़ी गांव के करीब पहुंचा तो उनकी गाड़ी के सामने एक स्कॉर्पियो गाड़ी आकर रुकी, जिसमें से चार-पांच बदमाश उतरे और कैंटर चालक को हथियार दिखाकर उन्होंने बंधक बना लिया। इसके बाद चालक से मारपीट की गई। कैंटर को वे मंडारका और बावला गांव की सीमा में ले गए, जहां बदमाशों ने कैंटर में रखा सामान लूट लिया और उसमें आग लगा दी।
सूचना मिलते ही देर रात पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल विभाग को सूचित किया। इसके बाद कैंटर में लगी आग पर काबू पाया गया। तावडू सदर थाना प्रभारी बलदेव सिंह का कहना है कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहनता से जांच कर रही है। पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है। जल्दी आरोपियों का पता लगाया जाएगा।