ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक वन एक्सटेंशन स्थित निजी कंपनी में लगी आग को बुझाते अग्निशमनकर्मी।
- फोटो : Grnoida
डाटा केबल और स्पीकर बनाने वाली कंपनी में लगी आग
ग्रेटर नोएडा। औद्योगिक सेक्टर ईकोटेक-1 एक्सटेंशन स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक कंपनी में रविवार की दोपहर आग लग गई। समय रहते कंपनी में मौजूद कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की 15 से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंची। करीब आठ घंटे से ज्यादा समय तक कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया जा सका। आग लगने के कारण का पता नहीं चल सका है।
ईकोटेक-1 एक्सटेंशन में मिर्जा इंटरनेशनल नाम से एक इलेक्ट्रॉनिक कंपनी है। कंपनी में डाटा केबल और स्पीकर बनाने का काम होता है। ईकोटेक-1 के अग्निशमन अधिकारी आरके सिंह ने बताया कि रविवार दोपहर करीब एक बजे आग लगने की सूचना मिली थी। 15 मिनट बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। छुट्टी होने के कारण कंपनी में ज्यादा कर्मचारी नहीं थे। जो मौजूद थे, उन्हें आग लगने पर बाहर निकाल लिया गया। कंपनी के एक हिस्से में निर्माण कार्य भी चल रहा है। शाम 7 बजे के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग से कंपनी का आधा हिस्सा प्रभावित हुआ है। लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है।