नोएडा/ग्रेटर नोएडा। जिले में दो बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं नेशनल इलेजिबिलिटी कम इंट्रेंस टेस्ट (नीट) और इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च, जूनियर रिसर्च फेलो (आईसीएमआर जेआरएफ) का आयोजन रविवार को हुआ। इस बार कोविड के चलते नीट परीक्षा केंद्रों के नियमों में कई बदलाव नजर आए। छात्रों को पारदर्शी पानी की बोतल ले जाने की अनुमति दी गई, वहीं ब्रेसलेट, कड़े आदि पर रोक लगा दी गई। छात्रों को थर्मल स्कैनिंग के बाद ही प्रवेश दिया गया। वहीं, सेक्टर-62 स्थित आईऑन डिजिटल जोन में आईसीएमआर जेआरएफ की परीक्षा का केंद्र बनाया गया।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा आयोजित नीट यूजी परीक्षा में दस केंद्रों पर 4636 अभ्यर्थी शामिल हुए। परीक्षा केंद्र में पर छात्रों की सघन तलाशी ली गई। वहीं गेट पर ही लंबी आस्तीन वाले कपड़े, ऊंची हील की सैंडल, जूते, बुंदा, बाली, नाक की कील, ताबीज, कागज के टुकड़े, ज्योमेट्री बॉक्स, पेंसिल बॉक्स, प्लास्टिक पाउच, कैलकुलेटर, कलम, स्केल, राइटिंग पैड, पेन ड्राइव आदि ले जाने से रोक दिया गया। केंद्रों पर सुबह से पुलिस एवं मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई। एडीएम प्रशासन ने बताया कि किसी भी केंद्र पर अभ्यर्थियों को कोई परेशानी नहीं हुई है।
सामान्य रही परीक्षा लेकिन फिजिक्स ने उलझाया
छात्रों के अनुसार नीट की परीक्षा सामान्य रही। अधिकतर सवाल आसान लगे, लेकिन फिजिक्स के कुछ सवालों ने उलझा दिया। अभ्यर्थियों ने बताया कि बायोलॉजी के मुकाबले फिजिक्स का पेपर अधिक कठिन रहा। प्रश्न पत्र में न्यूमेरिकल सवाल ज्यादा पूछे गए। सेक्टर-21 परीक्षा केंद्र पर देरी के पहुंचने पर छात्र को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिला, जिस पर छात्रों के नाराजगी जाहिर की। हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों के हस्तक्षेप से प्रवेश दे दिया गया।
वर्जन-
नीट का प्रश्न पत्र आसान था। जीव विज्ञान और रसायन विज्ञान के प्रश्न आसान थे। बाकी कुछ विषय के प्रश्न ने घुमा दिया, लेकिन परीक्षा परिणाम अच्छा आने की उम्मीद है। - शिवानी चौधरी, परीक्षार्थी
प्रश्न पत्र काफी आसान आया। केवल कुछ प्रश्न ने परेशान किया। कई प्रश्न अलग से आए। परीक्षा केंद्र पर कोविड संक्रमण से बचाव के इंतजाम थे। - कनिका आर्य, परीक्षार्थी
प्रश्न पत्र सामान्य रहा। पिछले साल की तुलना में काफी आसान सवाल आए थे। परीक्षा हाल में कोविड को लेकर कई बदलाव नजर आए। सामाजिक दूरी अनुसार बैठने की व्यवस्थाएं की गई। - नेहल गोयल, आईसीएमआर जेआरएफ परीक्षा देने आई छात्रा
इस बार प्रश्नपत्र वैसे तो आसान आया था, लेकिन कोविड के कारण कई बदलाव नजर आए। कोविड से जुड़े कई सवाल भी परीक्षा में देखने को मिले हैं। - शिवांगी, आईसीएमआर जेआरएफ परीक्षा देने आई छात्रा