ग्रेटर नोएडा। नोएडा एयरपोर्ट के पास 9.59 वर्ग मीटर के कियोस्क की नीलामी प्रॉपर्टी डीलरों और प्राधिकरण अधिकारियों समेत अन्य लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई हैै। जब 9.59 वर्ग मीटर का कियोस्क 1.48 करोड़ में नीलाम हो तो ऐसा होना स्वाभाविक भी है और आश्चर्य में डालने वाला भी। उधर, प्राधिकरण अधिकारी गदगद है और एयरपोर्ट के पास और योजना लाने की तैयारी है। इस बार तीन सितारा, चार सितारा और पांच सितारा होटल लाने की तैयारी में है। इस तरह के प्रयोग को देखने के बाद प्राधिकरण होटल की योजना के लिए केवल तीन प्लॉट लाएगा।
बुधवार को नोएडा एयरपोर्ट क्षेत्र में और गलगोटिया यूनिवर्सिटी के पास एक कियोस्क एक करोड़ 48 लाख रुपये में नीलाम हुआ। इतनी महंगी दरों पर दूध-सब्जी और फल आदि की दुकान का नीलाम होना आम लोगों के लिए ही नहीं बल्कि प्रॉपर्टी के जानकारों के लिए चर्चा का विषय बन गया। कुछ लोगों ने इसकी दिल्ली के कनॉट प्लेस और लंदन आदि से तुलना की है। क्योंकि कनॉट प्लेस में भी जमीन के दाम इतने नहीं हुए हैं।
एक निजी कंसलटिंग कंपनी के सर्वे के मुताबिक कनॉट प्लेस में कॉरपोरेट दफ्तरों की कीमत 9,841 वर्ग प्रति फिट है। जबकि लंदन में कॉरपोरेट प्लेस खरीदने के लिए कीमत प्रति वर्ग फीट 9,553 रुपये है, लेकिन यमुना प्राधिकरण इस कियोस्क की कीमत प्रति वर्ग फिट में आकलन करें तो 1.53 लाख रुपये बैठती है। जबकि दूसरा प्लॉट 1.16 लाख रुपये प्रति वर्ग फीट की दर नीलाम हुआ है। इससे साफ है कि यह कियोस्क दिल्ली से करीब 17 गुना और लंदन से 20 गुना अधिक महंगी दरों पर बिका है।
....छोड़ सकते हैं कियोस्क
प्रॉपर्टी के जानकारों की माने तो नोएडा एयरपोर्ट इस समय एनसीआर ही नहीं बल्कि देश में भी नामी हो गया है। लोग भविष्य का शहर मानकर प्रॉपर्टी में पैसा लगा रहे हैं। किसी से गलती हुई है या उनको लगता है कि नुकसान होगा तो रिजर्व प्राइज जो 90 हजार के आसपास है तो उसी का नुकसान होगा। वो इस कियोस्क को छोड़ भी सकते हैं
यमुना प्राधकिरण में इस तरह की बोली पहली नहीं है। इससे पहले भी एक करोड़ बीस लाख की जगह 12 करोड़ रुपये की बोली लग चुकी है। हो सकता है यह भी कोई गलती हो।- संजीव बैसला, प्रॉपर्टी डीलर
एक कियोस्क की डेढ़ करोड़ तक बोली लगाने के दो कारण हो सकते हैं। एक तो संबंधित व्यक्ति को बोली लगाने की जानकारी न हो और दूसरा किसी ने उनको गलत जानकारी दे दी हो। चूंकि इतने रेट आगामी 10 साल में भी इस कियोस्क के नहीं हो सकेंगे।- वेदप्रकाश, प्रॉपर्टी डीलर
कियोस्क की योजना को सफल होने के बाद अब तीन होटल की योजना लाई जाएंगी। इसमें तीन सितारा से पांच सितारा तक एक-एक होटल के प्लॉट लाए जाएंगे।
- डॉ. अरुणवीर सिंह, सीईओ यमुना प्राधिकरण।