संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित सर्वोत्तम इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार से दो दिवसीय पहली इनविटेशनल ऑल इंडिया कराटे चैंपियनशिप शुरू हो गई। पहले दिन खिलाड़ियों का भार वर्ग के आधार पर चयन किया गया, जबकि रविवार को विभिन्न मुकाबले खेले जाएंगे। शितोरियु कराटे एसोसिएशन उत्तर प्रदेश और शितोरियु मार्शल आर्ट्स कराटे एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर से 300 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इनमें गौतमबुद्ध नगर के विभिन्न स्कूलों और अकादमियों के 100 से अधिक खिलाड़ी शामिल हैं।
शितोरियु कराटे एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के महासचिव विवेक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि प्रतियोगिता में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, झारखंड और हरियाणा सहित कई राज्यों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देना और कराटे जैसी मार्शल आर्ट को नई पहचान दिलाना है।