ग्रेटर नोएडा (संवाद)। वीर शिरोमणि सम्राट पृथ्वीराज चौहान की जयंती पर अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा ट्रस्ट की ओर से 17 मई को ग्रेटर नोएडा में शोभायात्रा और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष समरपाल सिंह ने बताया कि शोभायात्रा सुबह 11 बजे सिटी पार्क से शुरू होकर नॉलेज पार्क तक निकाली जाएगी। इसमें बड़ी संख्या में समाज के लोग और युवा शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। आयोजन का उद्देश्य समाज को वीरता, संस्कृति और गौरवशाली इतिहास के प्रति जागरूक करना है। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष राजीव ठाकुर, प्रदेश सचिव अरविंद सिंह, संरक्षक देवेंद्र भदौरिया, कुंवर दिलीप सिंह, पवन ठाकुर, रोहित सिंह समेत ट्रस्ट के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।