बम-बम भोले के जयकारों के साथ पहुंच रहे कांवड़िये
सेक्टर-71 में कांवड़ियों के ठहरने के लिए विशेष व्यवस्था
हरियाणा व राजस्थान जाने वाले कांवड़ियों की संख्या ज्यादा
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-14 ए स्थित शनि मंदिर के पास बृहस्पतिवार को सांसद डॉ. महेश शर्मा ने कांवड़ शिविर का उद्घाटन किया। मंदिर समिति की तरफ से कांवड़ियों के विश्राम के लिए बेहतर प्रबंध किए गए हैं। शिविर में भंडारे का संचालन भी किया जा रहा है। इसी कड़ी में कांवड़ियों का जत्था नोएडा पहुंचने लगा है। यह कांवड़िये हरियाणा और राजस्थान की ओर निकल रहे हैं।
यहां पर 24 घंटे बिजली के साथ अन्य विशेष प्रबंध भी किए हुए हैं। इस बार शिविर को गमलों से भी सजाया गया है। 200 किलोमीटर की यात्रा कर कावंड़ियों का जत्था बृहस्पतिवार को नोएडा पहुंचा है। शनि मंदिर समिति के अध्यक्ष मान सिंह चौहान ने बताया कि मंदिर समिति की तरफ से सेवा के तहत कांवड़ियों के विश्राम के लिए बेहतर प्रबंध किए गए हैं। वहीं सेक्टर-71 में भी कांवड़ियों के ठहरने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। यहां हरियाणा जाने वाले कांवड़ियों की संख्या ज्यादा है। कोई कार, कोई ट्रैक्टर से तो कोई पैदल कांवड़ लेकर आ रहा है।
मंदिरों में हो रहे विशेष अनुष्ठान
मंदिरों में विशेष अनुष्ठान कराने के साथ पूजा-अर्चना करने के लिए हजारों की संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। सेक्टर-100 स्थित वोडा महादेव मंदिर के महंत जयराम भारती ने बताया कि मंदिर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पूजा-अर्चना के विशेष प्रबंध किए गए हैं। सबसे अधिक संख्या में लोग रुद्राभिषेक करा रहे हैं। सेक्टर-86 स्थित इलाहाबास गांव में डाक कांवड़ की तैयारी जोर-शोर से चल रही है। अनिल ने बताया कि हर साल हरिद्वार जाते हैं और जल लेकर शिवरात्रि के दिन गांव के शिव मंदिर पर जलाभिषेक करते हैं।