नोएडा। कांवड़ यात्रा के दौरान चिल्ला बॉर्डर से लेकर कालिंदी कुंज तक के मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। बेहतर सुरक्षा के लिए इस मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे लगाकर उसे इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) से जोड़ा जाएगा।
कांवड़ यात्रा को सुगम बनाने के लिए कई तरह के प्रयास किए जा रहे हैं। काफी संख्या में स्थानीय लोग भी कांवड़ लेकर छिजारसी और मॉडल टाउन होकर जिले में प्रवेश करते हैं। ऐसे में कांवड़िए की सुविधा के लिए ट्रैफिक सेल विशेष व्यवस्था भी करेगा। इन प्वाइंट पर ट्रैफिक कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। कांवड़ यात्रा शुरू होने से एक दिन पहले रिहर्सल ड्यूटी होगी। ट्रैफिक पुलिस के डीसीपी गणेश प्रसाद साहा ने बताया कि सोमवार को इस संबंध में गाजियाबाद ट्रैफिक विभाग से बात हुई है। उन्होंने अपने क्षेत्र में बेहतर सुविधा के लिए ट्रैफिक कर्मियों को तैनात करने का आश्वासन दिया है। इसके अलावा नोएडा ट्रैफिक पुलिस कांवड़ यात्रियोें की सुविधा के लिए दिन में चार बार बुलेटिन भी जारी करेगा। इससे कांवड़ यात्रियों के साथ शहर के वाहन चालकों को भी ट्रैफिक और कांवड़ यात्रा के बारे में जानकारी मिल सकेगी।
रोडवेज की कांवड़ बस सेवा 15 से
नोएडा (संवाद)। रोडवेज की कावड़ बस सेवा 15 जुलाई से शुरू होगी। दस दिनों तक जारी रहने वाली सेवा के तहत नोएडा से हरिद्वार तक बसें चलाई जाएंगी। कांवड़ियों की सुविधा के लिए 144 बसें अतिरिक्त फेरे लगाएंगी। डिपो एआरएम एनपी सिंह ने बताया कि इस सुविधा के लिए कांवड़ स्पेशल काउंटर भी बनाया जाएगा। काउंटर पर कांवड़ बस सेवा से जुड़ी सारी जानकारी उपलब्ध होगी। इस दौरान संचालित मार्गों के हिसाब से किराया लिया जाएगा।