यमुना एक्सप्रेस वे पर लगा नोएडा एयरपोर्ट का बोर्ड
- फोटो : amar ujala
नोएडा एयरपोर्ट पर निर्माण कार्य की वजह से चाहरदीवारी के अंदर से गुजरने वाले रास्तों पर निर्माणकर्ता कंपनियों ने लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। यहां तैनात सुरक्षाकर्मियों से ग्रामीणों की आए दिन तकरार हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार आश्वासन देने के बाद भी प्राधिकरण और प्रशासन ने वैकल्पिक रास्ते नहीं तैयार किए हैं। इस वजह से लोगों में गुस्सा बढ़ता जा रहा है। जेवर-बुलंदशहर मार्ग का 4 किमी का हिस्सा एयरपोर्ट के अंदर आने की वजह से बंद कर दिया गया है। ऐसे में रन्हेरा, कुरैब, नगला जहानु, बीरमपुर, मुढरह, आकलपुर, कलूपुरा, नगला शाहपुर आदि कई गांवों का तहसील मुख्यालय जेवर से सीधा संपर्क खत्म हो गया है।
रन्हेरा चौकी के दयानतपुर शिफ्ट होने से दिक्कत
जेवर-बुलंदशहर मार्ग पर रन्हेरा पुलिस चौकी एयरपोर्ट के बीचो-बीच बनी हुई थी। निर्माण कार्य इसे दयानतपुर रजवाहे पर शिफ्ट कर दिया गया। इस चौकी क्षेत्र के गांव रन्हेरा, कुरैब, नगला जाहनू, नगला हांडा, नगला भावरा, मुढ़रह गांव के लोगों का रास्ता बंद होने से परेशानी और भी बढ़ गई है। मुढरह, रन्हेरा कुरैब आदि गांव के लोगों को पुलिस चौकी पहुंचने के लिए 10 किमी तक का रास्ता तय करना पड़ रहा है।
इनायतपुर रजवाहे की पटरी पर लगभग 10 करोड़ की लागत से पीडब्ल्यूडी को वैकल्पिक रास्ता बनाने की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, कुछ रास्ते प्राधिकरण तैयार कर रहा है। जिन गांव के रास्ते एयरपोर्ट की वजह से बंद हुए हैं। उन गांव को जल्द ही वैकल्पिक मार्गों से जोड़ने पर काम किया जा रहा है। - बलराम सिंह, अपर जिलाधिकारी