ग्रेटर नोएडा(संवाद)। गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के सभागार में शनिवार को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का कार्यक्रम आयोजित किया गया। जहां योजना की 20वीं किस्त का सीधा प्रसारण किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योजना की 20वीं किस्त जारी की। इस मौके पर मिलेट्स मेला सह प्रदर्शनी भी लगाई गई।
अफसरों ने बताया कि देशभर के लाखों किसानों को 2000 रुपये की किस्त उनके बैंक खाते में भेजी गई है। किसानों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम के तहत आयोजित मिलेट्स मेला सह प्रदर्शनी में कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य पालन, जैविक खेती, इफको एवं कृषि उपकरण निर्माण आदि के स्टॉल लगाए गए। किसानों को मोटे अनाज (मिलेट्स) की खेती, जलवायु अनुकूलता, उत्पादन तकनीक, प्रसंस्करण की जानकारी दी गई। सांसद डॉ महेश शर्मा ने सबमिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन योजना के दो लाभार्थियों को ट्रैक्टर की चाबियां सौंपीं। जबकि 10 किसानों को सॉइल हेल्थ कार्ड, पीएम किसान योजना और प्रगतिशील किसानों को प्रशस्ति पत्र भी वितरित किए।