ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-142 कोतवाली क्षेत्र में रविवार देर रात सेक्टर-145 मेट्रो स्टेशन के सामने इनोवा कार ने पीछे से टाटा बोल्ट कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टाटा बोल्ट कार के चालक विक्रांत सिरोही (31) निवासी यमुना विहार दिल्ली गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई।
कोतवाली पुलिस का कहना है कि जांच में पता चला है कि विक्रांत सिरोही परिवार के साथ दिल्ली में रहते थे। वह स्पेन की किसी कंपनी में काम करते थे। काम के सिलसिले में शनिवार को वह जीटा-1 आए थे। यहां से वापस दिल्ली स्थित अपने घर जाने के लिए रविवार देर रात कार से निकले। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर परी चौक से दिल्ली की ओर जाने वाले मार्ग पर सेक्टर-145 मेट्रो स्टेशन के सामने वह रविवार देर रात करीब 3:30 बजे सड़क हादसे का शिकार हो गए।
जांच में पता चला है कि इनोवा कार चालक तेज रफ्तार में था। टाटा बोल्ट कार के चालक ने दायीं से बायी ओर अचानक से लेन बदल दी। इससे पीछे तेज रफ्तार में चल रही इनोवा चालक ने टाटा बोल्ट कोर को टक्कर मारने के बाद कार के बोनट से जा टकराई। इनोवा कार के एयरबैग खुलने के कारण इसमें सवार चालक बाल-बाल बच गया। जबकि टाट बोल्ट का बोनट का हिस्सा सहित अंदरूनी कार का हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के कारण इसमें सवार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में इलाज के दौरान चालक की मौत हो गई। परिजन ने पुलिस को बताया कि मृतक कार के चालक को रविवार को ही अपने काम से स्पेन जाना था।
कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। इनोवा कार को कब्जे में ले लिया गया है। दुर्घटना के संबंध में मुकदमा पंजीकृत कर मामले की जांच की जा रही है।