25 मिनट तक केयर टेकर के साथ लिफ्ट में फंसी रही मासूम
-ग्रेनो वेस्ट की वैलेंसिया होम्स सोसाइटी के टावर आई की घटना
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट की वैलेंसिया होम्स सोसाइटी के टावर आई की लिफ्ट में मासूम बच्ची केयर टेकर के साथ 25 मिनट तक फंसी रही। अंधेरा और गर्मी होने के कारण मासूम का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बिजली आने के बाद लिफ्ट चालू कर दोनों को बाहर निकाला गया। घटना के बाद से निवासियों में रोष हैं। आरोप है कि अलार्म बजाया गया, लेकिन तब सुरक्षाकर्मी टावर पर मौजूद नहीं था।
निवासियों ने बताया कि अजय वर्मा अपने परिवार के साथ टावर आई की 13वीं मंजिल पर रहते हैं। रोजाना शाम के समय केयरटेकर उनके एक वर्ष के बच्चे को नीचे टहलाने जाती हैं। मंगलवार शाम केयर टेकर बच्चे को लेकर लिफ्ट से नीचे जा रही थी। शाम 4:48 बजे जब लिफ्ट 9वीं मंजिल पर पहुंची तो अचानक बिजली आपूर्ति बंद हो गई। इसके साथ ही लिफ्ट अटक गई। केयर टेकर ने अलार्म बटन दबाया, लेकिन काम नहीं किया। काफी शोर मचाने के बाद भी मदद नहीं मिली। आरोप है कि उस समय टावर पर सुरक्षाकर्मी भी मौजूद नहीं था। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मेंटेनेंस टीम को सूचना दी। इसके बाद मेंटेनेंस टीम पहुंची। करीब पांच बजे बिजली आपूर्ति आने के बाद लिफ्ट चालू हो सकी, उसके बाद भी करीब 10 मिनट बाद दोनों को बाहर निकाला जा सका। निवासियों का आरोप है कि सोसाइटी में जनरेटर का पावर बैकअप शुरू नहीं किया गया। इस समय एओए के पास रखरखाव की जिम्मेदारी हैं। रखरखाव को लेकर बिल्डर और एओए में विवाद चल रहा है।
बिल्डर का कहना है कि एओए ने अनैतिक तरीके से रखरखाव की जिम्मेदारी ली है। इस कारण रखरखाव में पूरी तरह से अस्मर्थ है। आए दिन लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही हैं। मेंटेनेंस टीम के कर्मचारियों की अनुभवहीनता के कारण बच्चे को बाहर निकालने में समय लगा। लोगों को स्वयं सावधानी बरतने की जरूरत है।