संस्थानों और कॉलेजों में स्थापित होंगे इनक्यूबेशन सेंटर
- कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने समीक्षा बैठक में लिया निर्णय
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2024 में छात्रों की भागीदारी बढ़ाने के लिए संस्थानों और कॉलेजों में इनक्यूबेशन सेंटर स्थापित होंगे। ताकि छात्रों को राज्य की ओर से की गई इस पहल के बारे में जानकारी प्राप्त हो सके। यह निर्णय कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने बृहस्पतिवार को एक्सपो मार्ट में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के दूसरे संस्करण की तैयारियों की समीक्षा बैठक के दौरान लिया। दूसरे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का आयोजन 25 से 29 सितंबर तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में किया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री ने बैठक में कहा कि उत्तर प्रदेश यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के माध्यम से वैश्विक मंच पर अपनी क्षमता प्रदर्शित करेगा। यह उत्तर प्रदेश को एक अंतरराष्ट्रीय सोर्सिंग हब के रूप में पेश करने का शानदार अवसर होगा। इसके अलावा, इसे खरीदारों के लिए एक अनिवार्य कार्यक्रम के रूप में स्थापित करना होगा। उन्होंने शो के विस्तार के लिए कई नवोन्मेषी विचारों पर चर्चा की। आईईएमएल के अध्यक्ष राकेश कुमार ने आश्वस्त किया कि बैठक में आए सभी सुझावों पर काम किया जाएगा। उद्योग विभाग के अतिरिक्त आयुक्त राज कमल यादव, मेरठ की अतिरिक्त आयुक्त गरिमा सिंह मौजूद रहे।