ग्रेटर नोएडा। जिले की विधानसभा सीटों पर 10 फरवरी को मतदान होगा। प्रशासन की तरफ से पूरी तैयारी कर ली गई है। सेक्टरों और सोसाइटियों में मतदाता पर्ची बांटने का काम भी शुरू हो गया है, लेकिन मतदान पर्ची में मिल रहीं खामियों से मतदाता परेशान हैं। किसी का लिंग बदलकर पुरुष को महिला बना दिया गया है तो किसी का नाम और पता गलत है। वहीं, नए पहचान पत्रों में भी नाम और पता गलत अंकित है। ऐसे में मतदाताओं को डर सता रहा है कि कहीं वो वोट डालने से छूट न जाएं। विधानसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है। जागरूकता के लिए अभियान चलाए जा रहे हैं। वहीं, कोरोना संक्रमण को ध्यान में रखते हुए इस बार बूथ की संख्या तक बढ़ा दी गई है, ताकि मतदाताओं के बीच सामाजिक दूरी बनी रहे और वह बिना किसी डर के वोट डालने पहुंच सकें।
मतदान पर्चियों में गलतियां मिलने से वोटिंग प्रतिशत पर प्रभाव पड़ सकता है। इको विलेज वन में रहने वाले समीर भारद्वाज ने बताया कि मतदान पर्ची पर पुरुष की जगह पर महिला लिख दिया गया है। अब समझ नहीं आ रहा है कि वोट कैसे डालेंगे। वहीं, बीटा वन के महासचिव मनोज नागर ने बताया कि अब तक सेक्टर में पर्ची बांटने का काम शुरू नहीं किया गया है। कई बार बीएलओ से संपर्क किया गया है, लेकिन उनकी तरफ से कोई उत्तर नहीं दिया जा रहा है। अंतिम समय में पर्ची बांटने में गलती हो सकती है। इसी तरह से कई अन्य सेक्टरों और सोसाइटियों की मतदान पर्चियों के साथ पहचान पत्रों में त्रुटि मिल रही है। इस बाबत उप जिला निर्वाचन अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव का कहना है कि अगर पर्ची और मतदान करने वाले शख्स का फोटो एक है तो उसको वोट डालने दिया जाएगा। अगर पुरुष की जगह महिला कर दिया गया तो इससे कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मांगा समर्थन
भाजपा अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने दादरी विधानसभा के मोहल्ला गौतमपुरी, ग्राम चिटहरा, जारचा दलित बस्ती में प्रभावी मतदाता बैठक की। उन्होंने डोर टू डोर जनसंपर्क कर भाजपा प्रत्याशी को जिताने के लिए लोगों से अपील की। मौके पर प्रदेश महामंत्री अनुसूचित मोर्चा मुंशीलाल गौतम, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आलोक जाटव, जिला महामंत्री धर्मेंद्र कोरी, कोषाध्यक्ष सुनील गौतम, जिलाध्यक्ष सचिन गौतम, महामंत्री अभिषेक समेत अन्य मौजूद रहे।
घर-घर जाकर बजट पर करें लोगों से चर्चा
तिलपता गोलचक्कर स्थित भाजपा जिला कार्यालय पर दादरी विधानसभा चुनाव संचालन समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें दादरी विधानसभा प्रभारी अनिल खेड़ा ने कहा कि सभी कार्यकर्ता घर-घर जाकर संगठन का प्रचार करें। इस दौरान आम बजट की चर्चा करते हुए लोगों को उसके फायदे भी गिनाएं। उन्होंने कहा कि बजट से देश की तरक्की करेगा और इससे अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा। इस दौरान जिलाध्यक्ष विजय भाटी, दीपक भारद्वाज, मनोज गर्ग, दीपक भारद्वाज, मनोज गर्ग, धर्मेंद्र कोरी, सेवानंद शर्मा, गजेंद्र मावी, कर्मवीर आर्य आदि उपस्थित रहे।