आज से राशन की 365 दुकानों पर ई-वेइंग मशीन से होगा राशन का वितरण
नई मशीन से नहीं होगी घटतौली, 2 लाख राशन कार्ड धारकों को मिलेगा लाभ
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। जिले में राशन डीलर की दुकानों पर आज से ई-वेइंग मशीनों से राशन का वितरण शुरू हाे जाएगा। नई मशीनों से घटतौली को रोकने में मदद मिलेगी। अधिकारियों का दावा है कि अगर एक ग्राम भी राशन कम हुआ तो मशीन राशन की स्वीकृति नहीं देगी। राशन की मात्रा पूरी होने पर ही मशीन राशन कार्ड धारक के फिंगर प्रिंट का मिलान करेगी। नई मशीन के प्रयोग को लेकर प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है।
जिले में राशन डीलर की 365 दुकानें हैं, जबकि 2.07 लाख राशन कार्ड धारक हैं, जो हर माह राशन ले रहे हैं, लेकिन राशन वितरण में पारदर्शिता नहीं आ रही है। डीलर राशन वितरण में गड़बड़ी कर रहे हैं। प्रशासन से लेकर शासन स्तर पर घटतौली की शिकायत पहुंच रही है। इसका समाधान कर सरकार ने ई-पॉश मशीनों से राशन का वितरण शुरू कराया था, लेकिन उससे भी सफलता नहीं मिली। अब सरकार ने ई-वेइंग मशीनों से राशन वितरण करने की तैयार की है। जिनको ई-पॉश मशीन और बॉयोमेट्रिक मशीनों से जोड़ा गया है। गौतमबुद्ध नगर की सभी 365 दुकानों पर ई-वीइंग मशीन लग चुकी है। प्रशासनिक अफसरों ने बताया कि शुक्रवार से नई व्यवस्था के तहत सभी दुकानों पर राशन का वितरण शुरू होगा। नई मशीन से राशन का वजन किया जाएगा। वजन पूरा होने के बाद राशन कार्ड धारक के अंगूठे का बॉयोमेट्रिक मशीन से फिंगर प्रिंट स्कैन किया जाएगा। तब मशीन स्वीकृति देगी और राशन वितरण माना जाएगा।
जिले में राशन की सभी दुकानों पर ई-वीइंग मशीनें पहुंच चुकी हैं। राशन डीलरों को प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है। शुक्रवार से सभी दुकानों पर राशन का वितरण नई मशीनों से शुरू होगा। मशीन से राशन वितरण में पारदर्शिता आएगी। -
चमन शर्मा, जिला पूर्ति अधिकारी, गौतमबुद्ध नगर