ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट स्थित शाहबेरी में पत्नी की सोमवार रात हत्या कर पति फरार हो गया। मंगलवार दोपहर पुलिस व फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तकिये से दम घोंटकर या गला दबाकर हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर तलाश शुरू कर दी है। डीसीपी के मुताबिक मायके पक्ष की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया है।
डीसीपी सेंट्रल जोन हरीश चंदर ने बताया शाहबेरी निवासी नौशाद टेलरिंग का काम करता है। तीन साल पहले उसका विवाह रूबी (22) से हुआ था। दंपती शाहबेरी के मकान में किराये पर रहते थे। रूबी के परिजन मूलरूप से बिहार के रहने वाले हैं और फिलहाल इटेड़ा गांव में रहते हैं। आरोपी दो दिन पहले अपनी डेढ़ साल की बेटी समायरा और सात माह के बेटे फरमान को ननिहाल छोड़ आया था। सोमवार रात किसी बात को लेकर नौशाद और रूबी का विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपी ने रूबी की हत्या कर दी। मंगलवार दोपहर पड़ोसियों ने मायके पक्ष को सूचित किया। मायके पक्ष के लोगों को पुलिस को इसकी जानकारी दी। फोरेंसिक टीम के प्रभारी नेपाल सिंह ने भी मौके पर जांच की। बताया गया है कि महिला का शव उसके बिस्तर पर था। महिला के गर्दन पर नाखून आदि के निशान मिले हैं।