कन्नौज। बीएसए और बीईओ ने मंगलवार को उमर्दा, मानीमऊ व प्रेमपुर स्थित प्राथमिक विद्यालयों का निरीक्षण किया। उमर्दा के अंग्रेजी माध्यम प्राइमरी स्कूल में गंदगी, शिक्षा गुणवत्ता बेहतर न मिलने पर प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया। साथ ही मोबाइल में निपुण लक्ष्य एप न होने व शिक्षक डायरी न बनाने पर शिक्षक को नोटिस दिया है। मानीमऊ में गंदगी मिलने और बाउंड्रीवॉल टूटी होने पर नाराजगी जताई है।
बीएसए संदीप कुमार, बीईओ विपिन कुमार ने उमर्दा स्थित अंग्रेजी माध्यम प्राइमरी स्कूल का निरीक्षण किया। स्कूल में 122 छात्र पंजीकृत हैं और नौ शिक्षकों की तैनाती है। नौ शिक्षक होने के बाद भी स्कूल में गंदगी फैली हुई थी। स्कूल में शिक्षा गुणवत्ता बेहतर न होने और छात्रों की अनुपस्थित कम मिलने समेत अन्य अव्यवस्थाएं मिलने पर प्रधानाध्यापक ज्ञानेंद्र कुमार को निलंबित कर दिया। शिक्षक अनिरुद्ध कुमार के मोबाइल में निपुण लक्ष्य एप न होने व शिक्षक डायरी न बनाने पर नोटिस जारी किया है।
बीएसए ने बीईओ को 15 दिन में स्कूल कायाकल्प कराते हुए अव्यवस्थाओं को दूर करने के निर्देश दिए हैं। मानीमऊ प्राइमरी स्कूल में साफ-सफाई बेहतर न होने और बाउंड्रीवॉल टूटी होने पर नाराजगी जताई। बाउंड्रीवॉल बनवाने के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजने के निर्देश दिए। प्रेमपुर के प्राइमरी स्कूल में बेहतर साफ-सफाई और शिक्षा गुणवत्ता अच्छी होने पर प्रधानाध्यापक का उत्साहवर्धन किया।