भिवानी। जल्द ही शहर की सड़कें पूरी तरह बदली हुईं नजर आएंगी। शहर में हांसी रोड पर तिगड़ाना मोड़ से जूई नहर तक तथा ऑटो मार्केट चौक पर देवीलाल की मूर्ति से गांव हालुवास और आगे बाईपास तक सड़कें नेशनल हाईवे के माध्यम से सीसी फोरलेन की जाएंगी। वहीं दादरी रोड पर गांव हालुवास के आगे बाईपास चौक को एलिवेटेड बनाया जाएगा ताकि वहां हादसे न हों।
सड़क निर्माण की राशि जारी हो चुकी है और काम जल्द ही शुरू होगा। सड़क के दोनों तरफ फुटपाथ बनाए जाएंगे और लाइटें लगाई जाएंगी जिससे राहगीरों के लिए चलना आसान होगा। इससे शहर की सुंदरता में चार-चांद लगेंगे और लोगों को आवागमन में सुविधा होगी।
यह जानकारी भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद चौ. धर्मबीर सिंह ने शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक में दी।
बैठक की अध्यक्षता हिसार लोकसभा क्षेत्र से सांसद जयप्रकाश और भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने संयुक्त रूप से की। बैठक के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा क्रियांवित सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शिता के साथ समय पर पहुंचाएं। बैठक में विधायक घनश्याम सर्राफ भी मौजूद रहे और उन्होंने पेयजल और सीवरेज से संबंधित समस्याएं रखीं। सीईओ जिला परिषद अजय चोपड़ा ने बैठक की कार्रवाई की।
बैठक के दौरान सांसद धर्मबीर सिंह ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांव धनाना, मुंढाल, दांग, तिगड़ाना, प्रेमनगर सहित अनेक गांवों में अभी भी जमा बारिश का पानी 31 अक्तूबर तक निकालना सुनिश्चित किया जाए ताकि किसानों की आगामी फसल की बिजाई हो सके। उन्होंने कहा कि खेतों से निकाला गया पानी जलघरों में न जाए और लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने किसानों को किसी भी प्रकार के नुकसान से बचाने, खेतों से पानी निकासी की निगरानी के लिए कमेटी गठित करने और प्रतिदिन रिपोर्ट देने के निर्देश भी दिए।
सांसद ने कहा कि मिट्टी की सेहत सुधारने के लिए किसानों को जागरूक किया जाए। जहर मुक्त फसल के लिए डीएपी और यूरिया की जगह गोबर की खाद का उपयोग करने पर जोर दिया।
आत्मा स्कीम के तहत समय पर प्रशिक्षण दिया जाए और सॉयल हेल्थ लैब में अत्याधुनिक मशीनें हों। पशुपालन के लिए लोन में किसी प्रकार की देरी न हो। स्वरोजगार के लिए छोटे-छोटे ऋण उपलब्ध कराए जाएं। बारिश में ध्वस्त हुए खेतों के नालों के पुनर्निर्माण के लिए बजट हेतू केंद्र सरकार को लिखा जाए। शहर में रेहड़ियों के लिए उचित जगह तलाश की जाए ताकि सड़कों पर अतिक्रमण न हो खासकर सामान्य अस्पताल के आसपास।
सांसद जयप्रकाश ने कहा कि पानी निकासी के लिए आवश्यकतानुसार पंप सेट और बिजली लाइन डाली जाए ताकि कोई परेशानी न आए। उन्होंने नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और मिड डे मील की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। बैठक में एसडीएम तोशाम रवि मीणा आईएएस, डीएमसी गुलजार मलिक, एसडीएम भिवानी महेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।