-एयरपोर्ट के लिए अधिग्रहित हुई जमीन में कराया जा रहा था अवैध निर्माण
-प्रशासन की ओर से थाने में शिकायत देकर की गई है कार्रवाई
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। जेवर के मुकीमपुर सिवारा गांव में रात के अंधेरे में नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए अधिग्रहित की गई जमीन में अवैध निर्माण कराने वाले चारों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। प्रशासन की ओर से थाने में लिखित शिकायत भेजी गई थी, जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज किया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
एयरपोर्ट के दूसरे और तीसरे चरण के लिए जेवर में जमीन अधिग्रहण का काम पूरा हो चुका है और अब तीसरे चरण के मुआवजे बांटे जा रहे हैं। प्राधिकरण ने जो जमीन अधिग्रहित की है, उस क्षेत्र में धारा 11(4) लागू है और कोई भी व्यक्ति यहां निर्माण काम नहीं करा सकता है। इसके बाद भी मुकीम पुर सिवारा गांव में शांति देवी की जमीन पर अवैध निर्माण किया जा रहा था। प्रशासन की टीम ने बृहस्पतिवार सुबह 3 बजे यहां छापेमारी करके काम बंद कराया था। जांच में पता चला था कि शांति देवी की जमीन पर नगला जहानूं गांव के इमरान, समसु, नासिर, मुबारिक के जरिए निर्माण कराया जा रहा था। जिसके बाद क्षेत्रिय लेखपाल की ओर से इनके खिलाफ लिखित शिकायत दी गई थी।
ठेका लेकर कराया जा रहा है अवैध निर्माण : जेवर में किसानों की जमीन पर ठेकेदार अवैध रूप से निर्माण कराते हैं। वह किसान को ज्यादा मुआवजे का लालच देते हैं और उसमें अपना कमीशन भी सेट कर लेते हैं। इस मामले में भी शांतिदेवी की जमीन में अन्य लोगों के जरिए निर्माण कराया जा रहा था। बीते दिनों नीमका गांव में भी किसान की जमीन पर दूसरे लोग निर्माण करा रहे थे और निर्माणाधीन लिंटर गिर गया था। इस मामले में भी प्रशासन की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।