- सेक्टर-122 स्थित श्रमिक कुंज में घरेलू विवाद का मामला
नोएडा। सेक्टर-122 स्थित श्रमिक कुंज में घरेलू विवाद के दौरान बहन को बचाने पहुंचे युवक पर उसके जीजा ने हमला कर दिया। आरोप है कि आरोपी ने युवक की नाक पर दांत से काटकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया। उसकी शिकायत पर सेक्टर-113 थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सदरपुर निवासी रवि प्रकाश पाल ने पुलिस को बताया कि 8 अगस्त की रात उसकी बहन रीना और जीजा सचिन पाल के बीच विवाद हो गया था। आरोप है कि सचिन बहन के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर रहा था। इसकी जानकारी मिलने पर रवि रात करीब 11 बजे बहन के घर पहुंचा और जीजा को समझाने का प्रयास किया। रवि का आरोप है कि बातचीत के दौरान सचिन भड़क गया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान आरोपी ने उसकी नाक के अगले हिस्से को दांत से काट लिया। हमले में रवि की नाक पर गंभीर चोट आई। घटना के बाद परिजन उसे सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार कराया गया। इलाज के बाद रवि ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। एसीपी राकेश प्रताप सिंह ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है और आगे की जांच की जा रही है।