-हर घर तिरंगा अभियान के तहत 12 अगस्त तक स्कूलों में होंगी प्रतियोगिताएं
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में हर घर तिरंगा अभियान को जनभागीदारी के साथ मनाने की तैयारी तेज हो गई है। अभियान के दूसरे चरण में 9 से 12 अगस्त तक स्कूल-कॉलेजों और तकनीकी संस्थानों में स्वतंत्रता आंदोलन पर कई प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 26 जनवरी 2027 को सम्मानित किया जाएगा।
इसके साथ ही जिले में बड़े स्तर पर तिरंगा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। प्रमुख स्थल पर तिरंगा मेला और भव्य तिरंगा म्यूजिकल कॉन्सर्ट होगा। कार्यक्रम में क्षेत्र के सांसद, विधायक, विशिष्ट अतिथियों और खिलाड़ियों को भी आमंत्रित किया जाएगा। देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत किया जाएगा।
तिरंगा मेले में स्थानीय उत्पादों को भी मंच मिलेगा। स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों के साथ ओडीओपी, एमएसएमई और स्थानीय स्तर पर निर्मित वस्तुओं की बिक्री एवं प्रदर्शनी लगाई जाएगी। तिरंगा थीम पर आधारित खाद्य सामग्री, परिधान, वस्त्र और श्रृंगार सामग्री भी मेले में उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा तिरंगा प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। अभियान के तहत प्रमुख स्थानों पर हर घर तिरंगा सेल्फी बूथ बनाए जाएंगे, जहां लोग सेल्फी लेकर अभियान की वेबसाइट पर अपलोड कर सकेंगे। स्वयं सहायता समूहों, पीडीएस दुकानों और खादी भंडारों के माध्यम से तिरंगे की बिक्री और वितरण की व्यवस्था की जाएगी। अधिकारी लोगों को सोशल मीडिया के जरिए तिरंगा लगाने, फहराने से लेकर रखरखाव के सही तरीकों की जानकारी भी देंगे।