लेजर ट्रीटमेंट में लापरवाही पर बर्कोविट्स क्लीनिक लौटाएगा 1.54 लाख रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। जिला उपभोक्ता आयोग ने बर्कोविट्स हेयर एंड स्किन क्लीनिक को लेजर बाल हटाने के उपचार में लापरवाही बरतने का दोषी ठहराया है। आयोग ने क्लीनिक को शिकायतकर्ता कोमल रेडू को कुल 1.54 लाख रुपये लौटाने का आदेश दिया है। इस राशि में उपचार पर खर्च हुए 99 हजार रुपये, 50 हजार रुपये मुआवजा और 5 हजार रुपये मुकदमे का खर्च शामिल है।
नोएडा के सेक्टर 29 निवासी कोमल रेडू ने वर्ष 2013 में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने पीठ और पैरों के अनचाहे बाल हटवाने के लिए क्लीनिक में 99 हजार रुपये जमा किए थे। 22 मई 2011 को लेजर उपचार के दौरान उन्हें तेज जलन और दर्द का अनुभव हुआ। शिकायत के बावजूद तकनीशियन ने उपचार जारी रखा, जिससे उनकी पीठ और पैरों पर जलने के निशान व फफोले पड़ गए। क्लीनिक ने समय पर उचित चिकित्सकीय उपचार भी नहीं दिया।
क्लीनिक ने आरोपों से इन्कार करते हुए उपचार के संभावित दुष्प्रभावों पर सहमति का दावा किया था। हालांकि, आयोग ने पाया कि क्लीनिक यह साबित नहीं कर सका कि उपचार के दौरान योग्य त्वचा रोग विशेषज्ञ मौके पर मौजूद रहकर निगरानी कर रहे थे। जलन की शिकायत के बावजूद उपचार जारी रखना और चोट लगने के बाद डॉक्टर द्वारा विलंब से जांच करना सेवा में कमी और लापरवाही मानी गई। आयोग के अध्यक्ष अनिल कुमार पुंडीर और सदस्य अंजू शर्मा की पीठ ने यह फैसला सुनाया।
.