माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर निवासी एक व्यक्ति ने अपने ससुराल पक्ष के पांच लोगों पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर उनका मकान हड़पने का आरोप लगाया है। सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है। पीड़ित अलीजान का कहना है कि उन्होंने गांव सूरजपुर स्थित 103 वर्गगज का आवासीय प्लॉट वर्ष 2017 में मूल मालिक बीकू से पूरा भुगतान कर खरीदा था। वर्ष 2019 में उन्होंने उसी जमीन पर दो मंजिला मकान बनवाकर बिजली कनेक्शन लेकर रहना शुरू कर दिया।
बुलंदशहर निवासी उनके ससुर अकबर अली, सास जैबुन निशा, साले अफसर व इमरान और साहिस्ता पत्नी अफसर ने पारिवारिक विवाद के चलते उन्हें उनके पुश्तैनी घर से निकाल दिया था। वह किराये के मकानों में भटक रहे थे। ससुर की विनती पर अलीजान ने जनवरी 2020 में अपना सूरजपुर वाला मकान 2500 रुपये मासिक किराया पर रहने के लिए दे दिया। विपक्षी ने 23 नवंबर 2022 को उनके पंजीकृत विक्रय पत्र की सत्यापित प्रति निकलवाकर फर्जी दस्तावेज तैयार कर लिया। उसी के आधार पर अलीजान के खिलाफ सिविल वाद दाखिल कर दिया, ताकि मकान हड़पने की साजिश पूरी की जा सके। इसी दौरान 11 जुलाई 2025 की दोपहर को अलीजान अपने भाइयों के साथ सूरजपुर सब्जी मंडी की ओर जा रहे थे। तब अकबर अली और अफसर ने रास्ते में रोककर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।