- देश का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर रहा, 227 दर्ज हुआ एक्यूआई
122 दिन बाद खराब श्रेणी में पहुंची वायु गुणवत्ता
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (ग्रैप) लागू होने के पहले ही दिन नोएडा की हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में दर्ज की गई। बुधवार को नोएडा देश का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर रहा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की रिपोर्ट के मुताबिक शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 227 दर्ज किया गया। अहम है कि नोएडा में 122 दिन बाद एक्यूआई खराब श्रेणी में दर्ज की गई है। इससे पहले 31 मई को नोएडा की हवा में प्रदूषण की मात्रा बढ़ी थी।
मौसम में बदलाव को देखते हुए एक अक्तूबर को एनसीआर में ग्रैप लागू हो गया है हालांकि इसके तहत लगने वाली पाबंदियां अभी लागू नहीं हुई हैं। दरअसल अक्तूबर शुरू होत ही एनसीआर में प्रदूषण का स्तर बढ़ने लगता है। ऐसे में ग्रैप लागू करने के साथ ही प्रदूषण नियंत्रण के नियमों का पालन करना अनिवार्य कर दिया जाता है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के मीडिया सलाहकार ने बताया कि दिल्ली एनसीआर में ग्रेप के तहत पाबंदियां तब लागू होंगी जब दिल्ली में भी वायु प्रदूषण बढ़ जाएगा। हालांकि अभी दिल्ली का एक्यूआई 200 से कम बना हुआ है।
शहर का नाम - देश में स्थान - एक्यूआई
मैहर - पहला स्थान - 232
नोएडा - दूसरा स्थान - 227
गुम्मिडीपूंडी - तीसरा स्थान - 203
दिल्ली - 130
गाजियाबाद - 83
फरीदाबाद - 69
गुड़गांव - 78
नोएडा - 227
ग्रेटर नोएडा - 153