इंजीनियर की कार पर फायरिंग करने का आरोपी गिरफ्तार
रामगढ़ताल थाना क्षेत्र में शनिवार की शाम को हुई थी घटना
गोरखपुर। रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के तारामंडल इलाके में इंजीनियर की कार पर गोली चलाने वाले आरोपी को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान झंगहा के गहिरा निवासी बृजेश कुमार राय के रूप में हुई है। उसके पास से पुलिस ने उसका लाइसेंसी असलहा भी बरामद कर लिया है।
घटना शनिवार शाम की है। गीता वाटिका निवासी प्रशांत सिंह जो पाम पैराडाइज में इंजीनियर हैं, टाइल्स देखने तारामंडल स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास एक शोरूम में गए थे। इसी दौरान उनकी एक्सयूवी कार पर अज्ञात ने ताबड़तोड़ दो गोलियां चला दीं। गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं आई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था।
सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों से पुलिस को सुराग मिला कि फायरिंग झंगहा निवासी बृजेश कुमार राय ने की थी। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में बृजेश ने स्वीकार किया कि उसके पास मंदिर के पास एक प्लॉट है और आए दिन वहां लोग गाड़ियां खड़ी कर देते हैं। कई बार मना करने के बावजूद लोग नहीं मानते थे। शनिवार को भी जब कार वहां खड़ी देखी तो गुस्से में आकर उसने गोली चला दी। एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि आरोपी का लाइसेंसी हथियार जब्त कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।